भारी बारिश और तेज हवाओं से गोला ग्रामीण की बिजली व्यवस्था चरमराई।

भारी बारिश और तेज हवाओं से गोला ग्रामीण की बिजली व्यवस्था चरमराई। मदरिया । ------------ गोला के कई फीडरों पर पोल और तार टूटने से आपूर्ति बाधित, खबर लिखे जाने तक मदारिया फीडर पर 48 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं......। गंभीर बीमारी के मरीजों के लिए विद्युत सप्लाई बंद होने से दिक्कत। गोला क्षेत्र में दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं के चलते विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। विद्युत उपकेंद्र गोला से जुड़े विभिन्न फीडरों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। इससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गोला टाउन, गोपालपुर और पीड़ौली फीडर पर विद्युत आपूर्ति लगभग बहाल कर दी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक मदारिया फीडर पर 48 घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को करीब डेढ़ घंटे के लिए बिजली आई थी, इसके बाद से आपूर्ति नदारद है। गोला विद्युत उपकेंद्र के गोला टाउन, गोला ग्रामीण समेत विभिन्न फीडरों पर दर्जनभर से अधिक बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई स्थानों पर बिजली के तार भी टूटकर गिर गए हैं। इसके चलते क्षेत्र के बड़े हिस्से में अंधेरा छाया हुआ है। कुछ फीडरों पर बीच-बीच में महज 10 से 20 मिनट के लिए बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन इसके बाद फिर से आपूर्ति बंद हो गई। लगातार बिजली गुल रहने से घरेलू कामकाज, पेयजल व्यवस्था और अन्य जरूरी गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। गोला ग्रामीण उपकेंद्र के ककरही गांव में सड़क किनारे लगे दो बिजली के पोल पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गए। वहीं गोपालपुर से झरकटा जाने वाले मार्ग के मोड़ पर पहले से क्षतिग्रस्त बिजली का पोल गुरुवार देर रात बारिश के दौरान टूटकर गिर गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पोल लंबे समय से जर्जर हालत में था। इसकी जानकारी बिजली विभाग को भी दी गई थी, लेकिन समय रहते उसे बदला नहीं गया। गनीमत रही कि पोल गिरने के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। विद्युत विभाग के जेई सत्येंद्र ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के लिए विद्युतकर्मी लगातार कार्य कर रहे हैं। क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त कराया जा रहा है। शाम तक सभी फीडरों पर विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।