*समय से नहीं खुला प्राथमिक विद्यालय, प्रधानाध्यापक समेत शिक्षक घंटों रहे नदारद,

*समय से नहीं खुला प्राथमिक विद्यालय, प्रधानाध्यापक समेत शिक्षक घंटों रहे नदारद, ग्रामीणों में आक्रोश* सिकरीगंज क्षेत्र के महुई प्राथमिक विद्यालय इनरापार खुर्द शुकुलपुरा में शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही सामने आई। सुबह विद्यालय पहुंचने पर मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। मौके पर न तो प्रधानाध्यापक मौजूद थे और न ही कोई शिक्षक दिखाई दिया। विद्यालय परिसर में केवल चार–पांच बच्चे ही मौजूद मिले। बच्चों ने बताया कि स्कूल सुबह 7:00 बजे से संचालित होता है, जबकि विद्यालय में कार्यरत दाई ने कहा कि स्कूल 8:00 बजे खुलता है। करीब 30 मिनट की देरी से पहुंचे प्रधानाध्यापक एकलव्य राहुल ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी गाड़ी खराब हो गई थी, इसलिए आने में देर हुई। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक एकलव्य राहुल अक्सर समय से विद्यालय नहीं आते और कई-कई दिनों तक विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी लापरवाही बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। विद्यालय के पास रहने वाले दो शिक्षामित्र संदीप कनौजिया और सरिता संगम गिरी भी सुबह 9:00 बजे के बाद विद्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। वहीं, दूसरे सहायक अध्यापक मोहम्मद सोहेल अंसारी विद्यालय पहुंचे ही नहीं। स्थानीय ग्रामीण विनोद शुक्ला ने बताया कि विद्यालय का स्टाफ कभी समय से नहीं आता, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं हिमांशु शुक्ला ने कहा कि “जब विद्यालय का मुखिया ही व्यवस्था को गंभीरता से नहीं लेगा, तो स्कूल की स्थिति कैसे सुधरेगी।” ग्रामीण आलोक शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक कब आते हैं और कब चले जाते हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं होती। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर और बच्चों के शौचालय में जगह-जगह गंदगी फैली रहती है तथा नियमित साफ-सफाई नहीं होती। ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय की व्यवस्था सुधारने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।