50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, बिना अनुमति नहीं खोड़ी जाएंगी सड़कें

50 लाख से अधिक की परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, बिना अनुमति नहीं खोड़ी जाएंगी सड़कें स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्ययोजना बनाने का डीएम ने दिया निर्देश गाजीपुर।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित 50 लाख रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसके साथ ही जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर लोगों में जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार की प्रगति की भी समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर बिना उनकी अनुमति के कहीं भी सड़कों की खुदाई नहीं की जाएगी। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में सड़क खोदने की आवश्यकता पड़ती है तो नियमानुसार पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही खुदाई के बाद सड़क की मरम्मत भी पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से रिपोर्टिंग करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं अपनी गणना कर एसई आईडी जनरेट कर सकें।उन्होंने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक (इन्यूमरेटर) घर-घर पहुंचेंगे, उस दौरान नागरिक अपनी जनरेट की गई एसई आईडी उन्हें उपलब्ध करा सकेंगे। इससे जनगणना कार्य को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।