तरकुलहा धाम में दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ नवरात्र पूजा प्रारंभ

चौरी चौरा गोरखपुर।शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को प्रमुख शक्तिपीठ मां तरकुलहा देवी धाम में नौ दिवसीय नवरात्र महापर्व का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं कलश स्थापना के साथ हुआ। मां तरकुलहा देवी धाम चैरिटेबल ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में चौरीचौरा के विधायक इंजीनियर सरवन निषाद ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की पंडित गिरजा शंकर मिश्रा एवं पंडित आनंद मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-पाठ संपन्न कराया। इस दौरान वैदिक मंत्रों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर में प्रतिदिन सुबह-शाम मां दुर्गा की आराधना के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पंडित गिरजा शंकर मिश्रा एवं पंडित विष्णु तिवारी के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल की ओर से प्रतिदिन दोपहर में प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। प्रथम दिन विधायक ई सरवन निषाद ने दोपहर 12 बजे श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल की ओर से मंदिर के मुख्य गेट से गोरखपुर-देवरिया मार्ग तक निशुल्क ऑटो रिक्शा सेवा की शुरुआत भी की गई। इस अवसर पर ऑटो चालकों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया और वाहनों को मंदिर के मुख्य द्वार से रवाना किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के महामंत्री राजेश जायसवाल, नरेंद्र पांडेय, डॉ. दिनेश यदुवंशी, अमरनाथ जायसवाल, ऋषि साहनी, हिमाचल साहनी, उज्ज्वल साहनी, अमरजीत पासवान विजय जायसवाल धर्मेंद्र जायसवाल आनंद मिश्रा, सोनू पासवान, संतोष गुप्ता, हरीश राजभर, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजकुमार गुप्ता, अमित जायसवाल एवं मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं व्यापारी उपस्थित रहे।