सिमेंटेड बैरिकेडिंग के बाद भी नहीं थमा आवागमन, वैकल्पिक मार्ग की मांग पर अड़े ग्रामीण

सिकरीगंज, बांसगांव संदेश सिकरीगंज क्षेत्र में कुवानो नदी पर बने पुल के मरम्मत कार्य को लेकर प्रशासन और आम जनता के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। पुल पर आवागमन रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है, लेकिन ग्रामीण पूर्ण रूप से आवाजाही बंद करने को तैयार नहीं हैं। प्रशासन ने पहले लोहे की बैरिकेडिंग लगाकर बड़े और छोटे वाहनों का आवागमन रोकने का प्रयास किया था, जिसे स्थानीय लोगों ने हटा दिया। इसके बाद प्रशासन ने सिमेंटेड बैरिकेडिंग लगाकर और मिट्टी गिराकर रास्ता अवरुद्ध करने की कार्रवाई शुरू कर दी। बावजूद इसके क्षेत्रीय लोग किसी न किसी तरह पुल से आवाजाही जारी रखे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक पुल बंद होने से स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, स्कूली बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और मरीजों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीण रविंद्र राय ने स्पष्ट कहा कि जब तक प्रशासन वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं करता, तब तक पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना वैकल्पिक मार्ग के आवाजाही रोकी गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की कोशिश में है, जबकि ग्रामीण वैकल्पिक मार्ग की मांग पर अड़े हुए हैं, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।