जनसुनवाई में एसएसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी पुलिस कार्यालय कौस्तुभ त्रिपाठी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। पीड़ितों को प्रभावी और त्वरित न्याय दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी अपने स्तर से गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करें। जनपद पुलिस की ओर से आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा जनविश्वास को मजबूत करने के लिए लगातार जनसुनवाई की जा रही है।