ट्रक की टक्कर से सिपाही की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

गोरखपुर, बांसगांव संदेश। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से झंगहा थाने में तैनात सिपाही अर्जुन गौड़ (35) की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल सिपाही को स्थानीय लोगों की मदद से एम्स गोरखपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के पलिया खास टोला बड़का खेत निवासी अर्जुन गौड़, पुत्र तेज प्रताप गौड़, वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। शुक्रवार रात वह सीओ कार्यालय से कागजात लेकर बाइक से लौट रहे थे, तभी देवीपुर पेट्रोल पंप के पास देवरिया से गोरखपुर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिपाही की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी पिंकी गौड़, 10 वर्षीय पुत्र अंकुश और 11 वर्षीय पुत्री खुशी को छोड़ गए हैं। गोरखपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से सिपाही अर्जुन गौड़ की मौत