Bansgaon Sandesh
Login
Tapan Kumar Bose
Lucknow२२ मिनट पहले

लखनऊ: दीपावली से पहले जगमगाएगा शहर, हर वार्ड में लगेंगी 50-50 नई

लखनऊ: दीपावली से पहले जगमगाएगा शहर, हर वार्ड में लगेंगी 50-50 नई

लखनऊ: दीपावली से पहले जगमगाएगा शहर, हर वार्ड में लगेंगी 50-50 नई स्ट्रीट लाइटें, 600 करोड़ खर्च करेगा नगर निगम *लखनऊ, 02 अक्टूबर।* लखनऊ नगर निगम ने दीपावली से पहले शहर को जगमगाने की तैयारी कर ली है। शहर के सभी 110 वार्डों में 50-50 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। पार्षदों की मांग पर पुनरीक्षित बजट मंजूर करने के लिए गुरुवार को बुलाई गई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव पास कर दिया गया। नगर निगम ने सड़कों की मरम्मत, सफाई, पार्कों के रखरखाव, मार्ग प्रकाश और कर्मचारियों के वेतन-भत्तों सहित अन्य कामों पर होने वाले खर्च के लिए करीब *600 करोड़ रुपये का बजट बढ़ाया है*। इसमें से 200 करोड़ रुपये निर्माण कार्यों पर और बाकी रकम अन्य कामों पर खर्च होगी। बैठक के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि सड़कों की मरम्मत और नाले ढकने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही राजधानी के 14 कल्याण मंडपों की मरम्मत के लिए भी बजट बढ़ाया गया है। महापौर ने बताया कि कब्जे से खाली कराई जा रही सरकारी जमीन पर तार-बाड़ की जगह अब बाउंड्री बनाकर मैरिज लॉन शुरू किया जाएगा। इनमें दो कमरे भी बनाए जाएंगे। इनका संचालन निजी संस्थाओं को दिया जा सकेगा। इस काम के लिए 4.40 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 16 करोड़ रुपये कर दिया गया है। शहीद पथ के पास हरिहरपुर में मैरिज लॉन बनाने का काम शुरू भी कर दिया गया है। नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में करीब 47 अरब रुपये का मूल बजट पास किया था। यह एक अप्रैल से लागू है। अब इसे बढ़ाकर 53 अरब कर दिया गया है। *भाजपा पार्षद दल उपनेता की मांग नहीं मानी गई:* भाजपा पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा और मुख्य सचेतक मुकेश सिंह मोंटी ने महापौर को पत्र लिखकर मांग की थी कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए सड़कों की मरम्मत के लिए हर वार्ड में 70-70 लाख रुपये का बजट जारी किया जाए। बैठक में भाजपा के दो कार्यकारिणी सदस्यों ने भी मांग उठाई लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया। कहा जा रहा है कि महापौर और भाजपा के कुछ पार्षदों के बीच चल रहा मनमुटाव अभी दूर नहीं हुआ है। *टूटी सड़कों का पैचवर्क दीपावली तक:* महापौर ने बताया कि जो टूटी सड़कें 15वें व 16वें वित्त या अन्य किसी मद में अक्टूबर से नवंबर तक बननी हैं, उनका पैचवर्क नहीं कराया जाएगा। पैचवर्क से पहले नगर निगम के इंजीनियर प्रस्तावित कार्यों की सूची से जांच भी करेंगे। इसमें लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। जो सड़कें किसी अन्य मद से नहीं बनाई जाएंगी उनके पैचवर्क का काम दीपावली तक पूरा किया जाएगा। *ऐसे पुनरीक्षित होगा गृहकर:* गृहकर पुनरीक्षित करने में आ रहीं शिकायतों पर नगर आयुक्त ने साफ किया कि यदि भवन आवासीय है तो उसका गृहकर 2022 से पुनरीक्षित किया जाएगा। यदि भवन व्यावसायिक है तो उसे पहले 2014, 2019 और 2022 से पुनरीक्षित किया जाएगा। *इन प्रमुख मदों के बजट में की गई बढ़ोतरी:* - कचरा प्रबंधन का बजट 300 करोड़ से 330 करोड़ रुपये किया गया। - नई स्ट्रीट लाइटों के लिए बजट सात करोड़ से 10 करोड़ रुपये किया गया। - स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का बजट 06 करोड़ से 11 करोड़ रुपये किया गया। - टूटी सड़कों के पैचवर्क के काम का बजट 10 करोड़ से 30 करोड़ रुपये हुआ। - नई सड़क बनाने का बजट 50 लाख से बढ़ाकर 02 करोड़ रुपये किया गया। - सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण का बजट 271 करोड़ से 326 करोड़ किया गया। - नाला, पुलिया, क्रॉसिंग आदि की मरम्मत का बजट 30 करोड़ से 50 करोड़ रुपये हुआ। - बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत का बजट 05 करोड़ से 07 करोड़ रुपये किया गया। - मल्टीलेवल पार्किंग में लिफ्ट, सीसीटीवी व अन्य कामों के लिए 30 लाख के बजट को बढ़ाकर 04 करोड़ रुपये किया गया। - सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कों में अंशदान का बजट 20 से 40 करोड़ रुपये किया गया। - सरकारी जमीनों की सुरक्षा दीवार और मैरिज लॉन बनाने का बजट 10 से 20 करोड़ किया गया।

0 likes
0 comments3 shares