सरयू में कूदा युवक, नाविक ने बचाया पुल पर रेलिंग लगाने की वर्षों से हो

बड़हलगंज। उपनगर स्थित सरयू सेतु नाविकों की मुस्तैदी से फिर एक बार किसी परिवार के उजड़ने का माध्यम बनने से बच गया। जान देने की नियत से नदी में कूदे युवक को सकुशल बचाने वाले नाविक को चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया। प्राप्त समाचार के अनुसार शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे गोरखपुर और मऊ जनपद को जोड़ने वाले सरयू नदी के पुल सबकुछ सामान्य चल रहा था, इसी बीच दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पाऊस (बसियाराम) निवासी एक 28 वर्षीय युवक पुल के बीचोबीच पहुंचा और नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख लोगो ने शोर मचाया जिसके बाद पुल के बगल स्थित मुक्तिपथ पर रहने वाले नाविकों की टोली के युवा, नदी में कूदे युवक को बचाने नदी में उतर गये और कड़ी मशक्कत के बाद मुक्तिपथ निवासी जयराम साहनी का पुत्र जोगिंदर साहनी नदी में कूदे युवक को सकुशल बाहर निकालने में सफल हो गया। बाहर आने पर युवक ने बताया कि वह पारिवारिक कलह की वजह से जीना नहीं चाहता था, इसीलिए सरयू की धारा में जान देने की नियत पे कूद पड़ा था। मौके पर पहुंचे चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने युवक को समझा बुझा कर उसके परिवारी जनों को बुलाया और उसे वापस घर भेजा। श्री उमर ने युवक को पानी से बाहर निकालने वाले नाविक को भी सम्मानित कर उसका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इन बहादुर नाविकों की बदौलत कितने ही परिवार बच जाते है, इनकी मेहनत और जज्बा सराहनीय है। श्री उमर जिला प्रशासन को पुनः पत्र लिख कर सरयू पुल के दोनों तरफ लोहे की जाली लगवाए जाने की मांग किया। बता दे कि विगत 02 दशकों से श्री उमर सहित स्थानीय नेताओं द्वारा पुल पर जाली लगवाए जाने की मांग होती आ रही है। चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी ने भी प्रशासन को पत्र लिख पुल पर जाली लगवाए जाने की मांग किया गया है, लेकिन आज तक पुल पर जाली नहीं लग पाया और आए दिन नदी में कूदने की वारदात होती रहती है।