गोरखपुर में फिर मिला कुआनो नदी में शव, इलाके में दहशत बेलघाट

गोरखपुर में फिर मिला कुआनो नदी में शव, इलाके में दहशत बेलघाट बांसगांव संदेश गोरखपुर जनपद में एक बार फिर कुआनो नदी में शव मिलने की घटना से सनसनी फैल गई है। बेलघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर माफी गांव के सामने बुधवार सुबह नदी में एक व्यक्ति का शव उतराता मिला। लगातार नदी में शव मिलने की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे तो उन्होंने पानी में एक शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बेलघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच के बाद मृतक की पहचान अमरजीत (पुत्र चुन्नीलाल), निवासी दुघरा गांव, थाना उरूवा क्षेत्र के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी विकास नाथ के नेतृत्व में उप निरीक्षक राधेश्याम सेहरा सहित पुलिस टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।