बेलघाट के मीरपुर गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका

बेलघाट के मीरपुर गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव बेलघाट बांसगांव संदेश गोरखपुर जनपद के बेलघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर गांव के तिवारीपुर टोला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व आदित्य त्रिपाठी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पति जनपद महराजगंज में शिक्षा विभाग में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे या नहीं, इस संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशीराठौर, थाना प्रभारी बेलघाट थाना विकास नाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।