बाढ़ प्रभावित परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य को लेकर नए निर्देश, छात्रों

बाढ़ प्रभावित परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य को लेकर नए निर्देश, छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता गाजीपुर, 06 सितंबर 2026। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 01 से 08 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं उनकी शैक्षिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।निर्देशों के अनुसार, जिन परिषदीय विद्यालयों में बाढ़ का पानी भर गया है अथवा विद्यालय परिसर या भवन में बाढ़ के कारण विद्यार्थियों का उपस्थित होकर शिक्षण कार्य करना सुरक्षित नहीं है, ऐसे विद्यालयों में अग्रिम आदेश तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।वहीं, यदि बाढ़ प्रभावित विद्यालय के निकट कोई अन्य परिषदीय विद्यालय सुरक्षित स्थिति में संचालित हो रहा है, तो संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रभावित विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निकटवर्ती सुरक्षित विद्यालय में शिफ्ट कराकर शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित कराया जाए।यदि निकटवर्ती किसी सुरक्षित परिषदीय विद्यालय में विद्यार्थियों को शिफ्ट करना संभव नहीं हो पा रहा है, तो ऐसी स्थिति में संबंधित छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन क्लासेज के माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अन्य शैक्षणिक कार्मिक निकटवर्ती विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित होकर शिक्षण कार्य संपादित करेंगे। साथ ही, जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिफ्ट किया जाएगा, वहां पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।यह व्यवस्था बाढ़ की स्थिति सामान्य होने एवं अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगी। परिस्थितियों में परिवर्तन होने पर पृथक से आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जारी व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।