*बंद पड़ी अवैध आरा मशीनों पर वन विभाग का छापा, कीमती सामान
*बंद पड़ी अवैध आरा मशीनों पर वन विभाग का छापा, कीमती सामान क्षतिग्रस्त करने का आरोप* सुलतानपुर-बल्दीराय तहसील क्षेत्र में वृहस्पतिवार दिनाँक 13 अगस्त 26 को पारा,गौरा बरामऊ में वन विभाग की ओर से बंद पड़ी कथित अवैध आरा मशीनों के खिलाफ छापेमारी कर कार्रवाई किए जाने का मामला सामने आया है। एसडीओ वन विभाग के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर आरा मशीनों की जांच की और मौके पर मौजूद सामान के संबंध में कार्रवाई की। आरा मशीन संचालकों का आरोप है कि उनकी मशीनें कई महीनों से बंद पड़ी हैं। इसके बावजूद वन विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान मशीनों में लगे कीमती सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। एक संचालक ने आरोप लगाया कि मशीन की पुल्ली समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि दूसरे संचालक के मुताबिक लोहे की प्लेट सहित कुछ अन्य कीमती सामान टीम अपने साथ ले गई। संचालकों ने कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि तिरहुत, हलियापुर, वलीपुर, देहली बाजार और धनपतगंज क्षेत्र में कथित तौर पर कई आरा मशीनें अब भी संचालित हो रही हैं। ऐसे में कुछ मशीनों पर कार्रवाई और अन्य पर कथित रूप से कोई कार्रवाई न होने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने सभी आरा मशीनों की समान रूप से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।