बाराबंकी में स्वागत के दौरान मंच टूटा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश

बाराबंकी में स्वागत के दौरान मंच टूटा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी गिरे - 3 कार्यकर्ताओं को मामूली चोट *बाराबंकी, 31अगसत।* सोमवार को बाराबंकी में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत समारोह के दौरान मंच टूट गया। हादसे में हरीश द्विवेदी, MLC अंगद सिंह और कई कार्यकर्ता नीचे गिर गए। घटना दोपहर करीब 12:25 बजे लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर चौपला के पास हुई। *क्या है पूरा मामला?* 17 अगस्त को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने के बाद हरीश द्विवेदी का जगह-जगह स्वागत हो रहा है। आज उनका बाराबंकी से होते हुए आजमगढ़ तक कई जगह स्वागत होना था। वह 150 गाड़ियों के काफिले के साथ लखनऊ से निकले थे। जिले में 12 जगह उनका स्वागत कार्यक्रम तय था। 4 जगह स्वागत के बाद वह चौपला पर रुके। यहां स्वागत के लिए पहले से मंच बनाया गया था और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे। स्वागत के लिए MLC अंगद सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामनगर संजय तिवारी, केपी तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता फूल-माला लेकर खड़े थे। *माला पहनाते ही टूटा मंच -* जैसे ही काफिला चौपला पहुंचा, कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। किसी तरह हरीश द्विवेदी को मंच पर लाया गया। ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने उन्हें बड़ा वाला माला पहनाया। इसी दौरान फोटो खिंचवाने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि मंच भार नहीं सह सका और भरभराकर गिर गया। मंच टूटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 3 कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं। हादसे के तुरंत बाद वह अपनी गाड़ी में बैठकर अगले कार्यक्रम के लिए निकल गए। *MLC अंगद सिंह बोले - जनसैलाब उमड़ा था* इस पर MLC अंगद सिंह ने कहा, "राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद माननीय हरीश द्विवेदी जी पहली बार हमारे जनपद में आए थे, इसलिए जनसैलाब उमड़ा था। हम सब लोग उनके स्वागत के लिए आए थे और कमल खिलाने का संकल्प लेकर जा रहे हैं।" मंच टूटने के सवाल पर उन्होंने कहा, "इसका मतलब इतनी ज्यादा भीड़ हो गई थी, इसका आप खुद ही आकलन कर सकते हैं। किसी को चोट नहीं लगी है और वैसे भी अंगद का पैर ही तो मजबूत है।"