बड़हलगंज में कृषि मंत्री का औचक निरीक्षण, बीज-खाद दुकानों में मचा हड़कंप

बड़हलगंज, गोरखपुर। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को बड़हलगंज में बीज एवं उर्वरक की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया, वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने दुकानों पर उपलब्ध बीज और खाद के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, मूल्य सूची तथा लाइसेंस संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को केवल प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक ही उपलब्ध कराया जाए। मंत्री शाही ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, नकली खाद-बीज की बिक्री अथवा किसानों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत या जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित रूप से बीज एवं उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण करने तथा किसानों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।