नवरात्रि पर सीएम योगी ने की 9 कन्याओं की पूजा, चुनरी ओढ़ाकर

नवरात्रि पर सीएम योगी ने की 9 कन्याओं की पूजा, चुनरी ओढ़ाकर दिए उपहार बलरामपुर / मिर्जापुर। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन उत्तर प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर स्थित देवीपाटन शक्तिपीठ में मां पाटेश्वरी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नौ कन्याओं का पूजन किया। उन्होंने कन्याओं को तिलक लगाकर चुनरी ओढ़ाई और उपहार भेंट किए। साथ ही बच्चों को चॉकलेट बांटी और गौशाला में गायों को गुड़ खिलाया। उधर मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ लगी रही। जानकारी के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक करीब तीन लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। मंदिर परिसर में लगभग एक किलोमीटर तक लंबी कतार लगी रही। इसी तरह वाराणसी के प्रसिद्ध दुर्गाकुंड मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम गोरखपुर में है, जहां वह गोरखनाथ मंदिर में कलश स्थापना करेंगे। नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए हैं।