‘एक शाम फ़िराक़ गोरखपुरी के नाम’ में बिखरे साहित्य और शायरी के

‘एक शाम फ़िराक़ गोरखपुरी के नाम’ में बिखरे साहित्य और शायरी के रंग फ़िराक़ गोरखपुरी उर्दू-हिंदी साहित्य के रोशन चिराग, नई पीढ़ी के लिए मशाल-ए-राह : चारू चौधरी गोरखपुर। महान शायर, साहित्यकार और चिंतक फ़िराक़ गोरखपुरी की स्मृति में फ़िराक़ लिटरेरी फाउंडेशन, गोरखपुर के तत्वावधान में 27 अगस्त को मियां साहब इस्लामिया इंटर कॉलेज, बक्शीपुर में ‘एक शाम फ़िराक़ गोरखपुरी के नाम’ शीर्षक से भव्य मुशायरा एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उर्दू और हिंदी साहित्य से जुड़े शायरों, कवियों और साहित्यकारों ने शिरकत कर फ़िराक़ गोरखपुरी की साहित्यिक सेवाओं को श्रद्धापूर्वक याद किया और अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम की शुरुआत फ़िराक़ गोरखपुरी के व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान पर चर्चा से हुई। वक्ताओं ने कहा कि फ़िराक़ गोरखपुरी महज एक शायर नहीं, बल्कि उर्दू और हिंदी की साझा गंगा-जमुनी तहज़ीब की ऐसी मजबूत कड़ी थे, जिन्होंने दोनों भाषाओं के बीच प्रेम, मानवीय संवेदना और सांस्कृतिक समन्वय को मजबूत किया। उनकी रचनाओं में विचारों की गहराई, भावनाओं की तीव्रता और जीवन की सच्चाइयों का ऐसा संगम मिलता है, जो आज भी साहित्य प्रेमियों को आकर्षित करता है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी तथा एमडी एवं चेस्ट फिजिशियन डॉ. अरशद नदीम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाफिज नासिरुद्दीन ने की। मंच संचालन की जिम्मेदारी प्रसिद्ध शायर फर्रुख जमाल और अकमल बलरामपुरी ने संयुक्त रूप से निभाई। दोनों संचालकों ने अपनी शानदार प्रस्तुति, हास्य-विनोद और साहित्यिक संदर्भों के जरिए पूरी महफिल को लगातार जीवंत बनाए रखा। मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने अपने संबोधन में फ़िराक़ गोरखपुरी को उर्दू और हिंदी साहित्य की महान विभूति बताते हुए कहा कि जहां-जहां हिंदी और उर्दू बोली जाती है, वहां फ़िराक़ गोरखपुरी को सम्मान के साथ याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि फ़िराक़ सभी शायरों और साहित्यकारों के लिए प्रेरणा और मशाल-ए-राह हैं। उनकी शायरी में मानवीय भावनाओं, प्रेम, संस्कृति और जीवन के विविध रंगों की गहरी छाप दिखाई देती है। उनका साहित्य आज की नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत है। डॉ. अरशद नदीम ने फ़िराक़ की साहित्यिक महानता को नमन करते हुए कहा कि साहित्य समाज को जोड़ने और इंसानों के बीच प्रेम, भाईचारे तथा सद्भाव का संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। फ़िराक़ गोरखपुरी की शायरी में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक यथार्थ की जिस प्रभावशाली अभिव्यक्ति के दर्शन होते हैं, वह उन्हें अपने दौर के विशिष्ट शायरों में अलग पहचान दिलाती है। इस अवसर पर काजी कलीमुल हक और डॉ. फैजानुल्लाह ने फ़िराक़ गोरखपुरी के व्यक्तित्व, चिंतन और साहित्यिक योगदान पर अपने आलेख प्रस्तुत किए। उन्होंने फ़िराक़ की शायरी के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फ़िराक़ ने उर्दू ग़ज़ल को नई वैचारिक व्यापकता प्रदान की और अपने विशिष्ट अंदाज-ए-बयां से उर्दू शायरी में अलग मुकाम बनाया। उनकी साहित्यिक विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उतनी ही महत्वपूर्ण और प्रासंगिक रहेगी। कार्यक्रम के दौरान शहर की विभिन्न साहित्यिक, सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को उनकी सेवाओं के सम्मान में शॉल और प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। बाहर से आए शायर आलम गाज़ीपुरी और शकील मुईन बिहारी को भी फ़िराक़ लिटरेरी फाउंडेशन की ओर से उनकी साहित्यिक एवं सामाजिक सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया तथा शॉल और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और बहुप्रतीक्षित दौर मुशायरा एवं कवि सम्मेलन शुरू हुआ। शहर और बाहर से आए शायरों एवं कवियों ने अपनी चुनिंदा ग़ज़लें, नज़्में और कविताएं प्रस्तुत कीं। रचनाओं में प्रेम, जीवन, समाज, इंसानियत, राष्ट्रीय एकता और बदलते सामाजिक परिवेश जैसे विषय प्रमुख रहे। शानदार अशआर और प्रभावशाली रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर दाद दी। पूरी महफिल देर रात तक ‘वाह-वाह’ और तालियों की गूंज से सराबोर रही। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इसमें उर्दू और हिंदी की साझा सांस्कृतिक विरासत का खूबसूरत संगम देखने को मिला। विभिन्न भाषाओं के कवि और शायर एक ही मंच पर अपनी रचनाएं प्रस्तुत करते नजर आए। इस दौरान यह संदेश भी मजबूती से उभरा कि साहित्य और कविता भाषाओं की सीमाओं से ऊपर उठकर दिलों को जोड़ने और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। फ़िराक़ लिटरेरी फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस साहित्यिक संध्या को उपस्थित लोगों ने एक यादगार और सार्थक पहल बताया। वक्ताओं ने कहा कि फ़िराक़ गोरखपुरी जैसे महान साहित्यकार को याद करना केवल एक शायर की स्मृति को जीवित रखना नहीं, बल्कि अपनी साझा साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना है। ऐसी साहित्यिक महफिलें नई पीढ़ी को अपने साहित्यिक पुरोधाओं से परिचित कराने के साथ ही हिंदी और उर्दू दोनों भाषाओं के विकास और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंत में फाउंडेशन के अध्यक्ष अरशद जमाल सामानी ने सभी अतिथियों, शायरों, कवियों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फ़िराक़ गोरखपुरी की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल एक महान शायर को याद करना नहीं, बल्कि साहित्य, भाषा और संस्कृति के उस खूबसूरत रिश्ते को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है, जिसकी फ़िराक़ स्वयं एक सशक्त मिसाल थे। कार्यक्रम में मुहम्मद इब्राहिम, मुहम्मद दानिश, एहसान अहमद, अरमान एडवोकेट, फरहान आलम, कैसर, फैसल जमाल सहित शहर की अनेक साहित्यिक, सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र की हस्तियां मौजूद रहीं। इस तरह ‘एक शाम फ़िराक़ गोरखपुरी के नाम’ न केवल फ़िराक़ की स्मृतियों को समर्पित एक शानदार साहित्यिक आयोजन साबित हुआ, बल्कि उर्दू-हिंदी की साझा तहज़ीब, शायरी की खूबसूरती और सामाजिक सौहार्द का भी प्रभावशाली संदेश दे गया।