विकास खंड की ग्राम सभा रुच्चापार और बिजलापार में स्वच्छता की खुली पोल
भलुअनी।बांसगांव सन्देश।स्थानीय विकास खंड की ग्राम सभा रुच्चापार और बिजलापार में स्वच्छता अभियान के दावों की सच्चाई सामने आ गई है। यहां हर तरफ गंदगी फैली है, नालियां जाम हैं और सफाईकर्मी गायब रहते हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद एडीओ पंचायत ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।बिजलापार के निवासियों भीम, धरमू, रुमा देवी और विशम्भर यादव ने बताया कि सफाईकर्मी सिर्फ 15 अगस्त या 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय त्योहारों पर ही आते हैं। बाकी दिनों में वे गांव में नहीं दिखते। रुच्चापार के ग्रामीण रामसकल पाल, प्रिंस और जोधन कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जब कभी सफाईकर्मी आते भी हैं, तो वे सिर्फ प्रधान के घर हाजिरी लगाकर लौट जाते हैं। लाखों रुपये की लागत से बना सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का रिसोर्स रिकवरी (आरआरसी) सेंटर भी खराब हालत में है। बनने के बाद से इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीण जानकारी के अभाव में सेंटर के अंदर कूड़ा डालने के बजाय उसके बगल में ही कचरा फेंकने को मजबूर हैं। इसी तरह, लाखों रुपये खर्च कर खरीदा गया कचरा वाहन भी बिना इस्तेमाल के खड़ा है। ग्राम प्रशासक विनोद यादव का दावा है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पर आते हैं। हालांकि, गांव की मौजूदा स्थिति उनके दावों से अलग है। रास्तों पर जमा पानी और सड़ी-गली गंदगी यह दिखाती है कि स्वच्छता सिर्फ कागजों पर ही है। इस बारे में भलुअनी के एडीओ पंचायत अनवारुल सिद्दीकी ने बताया कि सफाईकर्मियों की लापरवाही और आरआर सी सेंटर के उपयोग न होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।