10 घंटे के भीतर महिला से मंगलसूत्र लूट का खुलासा, दो लुटेरे

10 घंटे के भीतर महिला से मंगलसूत्र लूट का खुलासा, दो लुटेरे गिरफ्तार। मदरिया । ------------------ लूटा गया मंगलसूत्र व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद, सीसीटीवी और पुलिस की सक्रियता से मिली सफलता -------- गोला कस्बे के चंद चौराहा क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए दो बाइक सवार लुटेरों को गोला पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया पीले धातु का मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर बाइक (UP52 CE 2912) भी बरामद कर ली है। क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी सीपी पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक इन्द्रजीत कुशवाहा सहित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना के मात्र 10 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल यादव (28) पुत्र जयरकरण यादव तथा निशान्त उर्फ सन्नी यादव(25) पुत्र नन्द गोपाल यादव निवासी ग्राम पहौरिया, थाना बड़हलगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार सुबह करीब 9:40 बजे घटना स्थल तरैना पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया तथा कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। गुरूवार को हुई थी लूट.... गौरतलब है कि कोटिया नायक गांव निवासी जानकी देवी पत्नी संजय यादव गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे चंद चौराहा स्थित अमन मोबाइल शॉप से मोबाइल बनवाकर ऑटो की तलाश में पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर गोला पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। क्षेत्राधिकार दरवेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी रही। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।