भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा सादात का हुरमुजपुर गांव, ग्रामीणों ने किया

भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा सादात का हुरमुजपुर गांव, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन सादात (गाजीपुर): विकास खंड सादात के अंतर्गत ग्राम पंचायत हुरमुजपुर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के बंदरबांट का एक गंभीर मामला सामने आया है। धरातल पर शून्य विकास और व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए रविवार को भारी संख्या में ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। *कागजों पर चमका तालाब, धरातल पर सन्नाटा* ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव के पूर्व दिशा में स्थित प्रसिद्ध 'सांड़वीर पोखरा' के सुंदरीकरण के नाम पर वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने बड़ी धांधली की है। अधिकारियों की मिलीभगत से केवल कागजों पर काम दिखाकर सरकारी बजट को ठिकाने लगा दिया गया, जबकि जमीन पर एक ईंट तक नहीं रखी गई। *बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण* प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारतीय संविधान की 11वीं अनुसूची के तहत ग्राम पंचायतों को 29 विकास कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बावजूद, हुरमुजपुर में सचिव आकाश कुमार और प्रधान मंशा गौड़ की साठगांठ के कारण सीसी रोड, खड़ंजा निर्माण, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं दम तोड़ चुकी हैं। स्थानीय रोजगार और ग्रामीण जीवन स्तर को सुधारने की योजनाएं केवल फाइलों में दफन हैं। *महिलाओं ने उठाई सांड़वीर पोखरा के जीर्णोद्धार की मांग* गांव के मूल निवासी एवं बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश सिंह की पत्नी रेखा सिंह के नेतृत्व में विभा सिंह, पूनम सिंह, मीरा, चंदा, खुशी, दीपिका, लीलावती देवी, बिंदु, सुमन, हेमलता, कंचन, शीला, कृष्णा, पूनम, उर्मिला, गीता बनवासी, धनेसरा चौहान, सुगनी, श्यामा चौहान ने दो टूक कहा कि गांव के सांड़वीर पोखरा का तत्काल घाट निर्माण और सुंदरीकरण कराया जाए। घाट न होने से महिलाओं को छठ महापर्व और अन्य धार्मिक त्योहारों पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। *धांधली के जांच और कार्रवाई की मांग* ग्रामवासी समाजसेवी सूर्यभान सिंह, अनिल सिंह, संतोष सिंह, हरिओम सिंह, सुरेन्द्र, हृदयेश सिंह, शिवराज, निखिल, सत्या, प्रमोद ने चेतावनी दी है कि सरकारी धन की लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने इस पूरे घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और गांव में वास्तविक विकास कार्य शुरू कराने की मांग की है। *बीडीओ ने दिया जांच का आश्वासन* इस पूरे मामले पर खंड विकास अधिकारी (BDO) डॉ. सरजीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पोखरा सुंदरीकरण के नाम पर धन आहरण के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और गांव में जल्द ही विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे।