बांसगांव संदेश बरहज ,सीडीओ ने बच्चों के साथ किया कृमि नाशक दवा का सेवन -राष्ट्रीय
सीडीओ ने बच्चों के साथ किया कृमि नाशक दवा का सेवन -राष्ट्रीय कृमि दिवस पर जागरूकता के लिए निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन देवरिया, 10 अगस्त, 2026। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज में किशोरियों का हौसला बढ़ाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सीडीओ राजेश कुमार सिंह और सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने खुद बच्चों के साथ कृमि नाशक दवा का सेवन किया। इस दौरान बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। विद्यालय के छात्राओं द्वारा निबंध प्रतियोगिता और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित सम्मनित किया गया। इस दौरान सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की पहल का मुख्य उद्देश्य दवा को लेकर बच्चों और अभिभावकों के मन से किसी भी प्रकार के भ्रम या डर को दूर करना होता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से सुरक्षित रखना और उनमें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना था। कृमि संक्रमण से बच्चों में भूख में कमी, कमजोरी, कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक-मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सीएमओ डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए समय-समय पर कृमिनाशक दवा के सेवन के साथ-साथ हाथों की स्वच्छता, साफ पानी का सेवन, नाखूनों की नियमित सफाई और स्वच्छ भोजन की आदतों को अपनाने की सलाह दी। विद्यालय परिवार ने बच्चों से स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में डीआईओएस हरीशचंदनाथ, डिप्टी सीएमओ कार्तिक पाण्डेय, डिप्टी सीएमओ अश्वनी पाण्डेय, डॉ विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, प्रधानाचार्य शांति राय सहित सहयोगी संस्थाओं सीफार, ऐडक्सन, जेएसआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।