*गंगा समग्र की प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक में जल संरक्षण का संकल्प, 22 जिलों के प्रतिनिधि हुए शामिल*

बड़हलगंज। गंगा समग्र गोरक्ष प्रांत द्वारा रविवार को बड़हलगंज कस्बे के भगवती लॉज में प्रांतीय कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गोरक्ष प्रांत के 22 जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की भावी कार्ययोजना, गंगा संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवनदायिनी हैं। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव सभ्यता के अस्तित्व का आधार है। यदि जल स्रोत और पेड़-पौधे सुरक्षित नहीं रहेंगे तो पृथ्वी पर जीवन संकट में पड़ जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से नदियों, तालाबों, कुओं और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गंगा सेविका मृदुला मिश्रा, रिंकी देवी, अंबिका गुप्ता, किरन देवी तथा प्रेमलता गुप्ता की भी सक्रिय सहभागिता रही। बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार के तहत नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। अनंत नारायण गुप्त को बड़हलगंज नगर संयोजक, विजयलक्ष्मी जायसवाल को नगर गंगा सेविका संयोजक, ताड़क वर्मा को नगर आरती प्रमुख, भरत वर्मा को गंगा आश्रित प्रमुख, प्रकाशवीर को संपर्क प्रमुख तथा डॉ. सौरभ भारती को जिला गंगा वाहिनी प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक का समापन गंगा संरक्षण, जल संवर्धन और पर्यावरण सुरक्षा के संकल्प के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि जनसहभागिता के बिना गंगा और अन्य जल स्रोतों का संरक्षण संभव नहीं है, इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। बैठक में प्रांत संयोजक राजकिशोर मिश्र, डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी, अजय राय, संतोष जी, लक्ष्मीनारायण गुप्त, चिंतामणि त्रिपाठी, यतींद्र त्रिपाठी, जिला संयोजक आचार्य मुन्ना निगम, हरिशंकर सिंह, संतोष पाण्डेय, देवानंद दुबे, उमेश दुबे, अजय दुबे, डॉ. रजनीश, डॉ. पी.डी. राव, डॉ. बृजेश यादव, डॉ. सौरभ भारती, रवि प्रताप सिंह, अजय सिंह, डॉ. अशोक, महेंद्र जायसवाल, आमोद गौड़, आलोक प्रकाश गौंड, अनंत नारायण गुप्त, ताड़क वर्मा, पद्माकर गुप्त, बबलू राय, वेद जी, शुभम गुप्ता, राजीव जायसवाल, रामदयाल गुप्ता, सनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।