Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग १ घंटा पहले

विद्यालय परिसर बना तालाब! आखिर बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का जिम्मेदार

विद्यालय परिसर बना तालाब! आखिर बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ का जिम्मेदार कौन? सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश सरकार जहां प्रदेश के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कॉम्पोजिट विद्यालय, मॉडल विद्यालय, नि:शुल्क ड्रेस, कॉपी, किताब, बस्ता, जूते-मोजे और छात्रवृत्ति जैसी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि बच्चों का भविष्य बेहतर बनाया जा सके।लेकिन सुल्तानपुर जिले के विकासखंड कुरेभार क्षेत्र स्थित गुप्तारगंज प्राथमिक पाठशाला प्रथम की तस्वीरें सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। विद्यालय परिसर पूरी तरह जलभराव की चपेट में है और देखते ही देखते पूरा मैदान किसी तालाब में तब्दील हो गया है। परिसर में जगह-जगह पानी भरा होने से बच्चों के लिए विद्यालय पहुंचना और खेलना तक जोखिम भरा हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। न तो विद्यालय प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठा रहा है और न ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान दिखाई दे रहा है। बरसात के मौसम में यह जलभराव बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। यदि कोई बच्चा फिसलकर पानी या दलदल में गिर जाए अथवा कोई अन्य अनहोनी हो जाए, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? सरकार जहां शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर ऐसी लापरवाही पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कब तक विद्यालय परिसर से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराते हैं। *बड़ा सवाल:आखिर बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा—विद्यालय प्रशासन या जनप्रतिनिधि?*

0 likes
0 comments0 shares