स्व. राजकली कॉन्वेंट स्कूल में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर, मरीजों की आंखों

स्व. राजकली कॉन्वेंट स्कूल में लगा निःशुल्क नेत्र शिविर, मरीजों की आंखों की हुई जांच करछना/प्रयागराज। रामगढ़ डीहा, करछना स्थित स्व. राजकली कॉन्वेंट स्कूल एवं कॉलेज में आशुतोष आई केयर सेंटर की ओर से निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आंखों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करना और समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर में दृष्टि रोग विशेषज्ञ डॉ.आशुतोष यादव तथा उनकी टीम में डॉ.आरती यादव, डॉ.लक्ष्मी तिवारी, डॉ.सूरज प्रजापति, डॉ.पूनम पटेल के नेतृत्व में निशुल्क मरीजों की आंखों की जांच की एवं दवा वितरण किया गया। इस दौरान मोतियाबिंद, आंखों में संक्रमण, निकट दृष्टि दोष और दूर दृष्टि दोष जैसी समस्याओं की पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया गया। आंखों में परेशानी से जूझ रहे लोगों को उनकी समस्या के अनुसार उचित सलाह दी गई। साथ ही आंखों की नियमित जांच कराने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में बच्चों की आंखों की जांच को भी महत्वपूर्ण माना गया, ताकि पढ़ाई के दौरान देखने में होने वाली परेशानी का समय रहते पता लगाया जा सके। वहीं, बुजुर्गों को भी आंखों की देखभाल और उम्र के साथ होने वाली दृष्टि संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार यादव ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से लोगों को काफी लाभ मिल सकता है। ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों को अपनी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक होने और उचित उपचार की दिशा में कदम उठाने का अवसर मिलता है। आशुतोष आई केयर सेंटर की ओर से आयोजित इस निःशुल्क नेत्र शिविर को क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना गया।