डीएम ने मतदाता सूची की शुद्धता कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के दिए निर्देश।

डीएम ने मतदाता सूची की शुद्धता कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के दिए निर्देश। फॉर्म-6, 7 एवं 8 के सत्यापन में बरतें पूरी गंभीरता पंचायत एवं विधानसभा मतदाता सूचियों का मिलान कर अंतर करें स्पष्ट-डीएम। देवरिया 12 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज मतदाता निर्वाचन नामावलियों की शुद्धता तथा विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त फॉर्म-6, 7 एवं 8 के सत्यापन कार्य को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में ईआरओ एवं एईआरओ के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एआरओ प्रतिदिन सुबह अपने लॉगिन से ईसीआई पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। एआरओ भी इस कार्य की नियमित निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि एईआरओ द्वारा लॉगिन किया जा रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इससे जुड़े सभी अधिकारी टीम भावना के साथ गंभीरता और तत्परता से कार्यों को निष्पादित करें। उन्होंने पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची एवं विधानसभा निर्वाचन की मतदाता सूची का मिलान करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों सूचियों में मतदाताओं की संख्या का अंतर भी दर्शाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी ईसीआई पोर्टल की बारीकियों को समझें और तदनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने प्राप्त फॉर्म-6, 7 एवं 8 का विधिवत सत्यापन करने तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद मतदाता सूची में अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को फॉर्मों की गहन जांच के उपरांत ईआरओ से इस आशय का प्रमाण पत्र प्राप्त करने को कहा कि उनके द्वारा प्राप्त फॉर्मों की गहन जांच कर ली गई है। बैठक में एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा, एएसडीएम अखिलेश यादव सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे।