बांसगांव संदेश बरहज,जिलाधिकारी ने खनन, आबकारी एवं गन्ना विभाग की समीक्षा कर दिए आवश्यक

जिलाधिकारी ने खनन, आबकारी एवं गन्ना विभाग की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश देवरिया 31अगस्त जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट सभागार में खनन, आबकारी एवं गन्ना विभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खनन एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खनन एवं भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व प्राप्तियों की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के साथ ही नियमित रूप से जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया। गन्ना विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गन्ना किसानों से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की समस्याओं एवं प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा गन्ना मूल्य भुगतान से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं तत्परता से निर्वहन करें। शासन की योजनाओं एवं निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।