विद्या समागम का भव्य आयोजन, 700 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
‘ गोरखपुर।गोकुल अतिथि भवन में सहोदया स्कूल्स एसोसिएशन के तत्वावधान में ‘विद्या समागम द यूनिवर्सिटी एंड करियर कनेक्ट’ का भव्य आयोजन किया गया। इस करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में पूर्वांचल के सीबीएसई बोर्ड से जुड़े प्रमुख विद्यालयों के 700 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप, अपग्रेडेड कोर्सेज और भविष्य में उपलब्ध करियर के अवसरों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सहोदया स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अजीत दीक्षित सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्कूल निदेशक तथा देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के प्रतिनिधि एवं निदेशक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उनके सामने उच्च शिक्षा के कौन-कौन से विकल्प उपलब्ध हैं। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बदलते पाठ्यक्रम, आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी कोर्सेज की उपयोगिता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समझाया कि आने वाले समय में केवल पारंपरिक डिग्री ही नहीं, बल्कि स्किल, टेक्नोलॉजी और व्यावहारिक ज्ञान भी उनके करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विद्या समागम 2026’ विद्यार्थियों, विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर शैक्षणिक समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को 12वीं के बाद सही कोर्स और सही करियर का चुनाव करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।