राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के प्रचार हेतु जागरूकता रैली को जनपद न्यायाधीश ने

राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के प्रचार हेतु जागरूकता रैली को जनपद न्यायाधीश ने दिखायी हरी झंडी गाजीपुर।राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान एवं बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को माननीय जनपद न्यायाधीश गाजीपुर श्री धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने बताया कि राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत आम जनमानस अपने वादों का निस्तारण मध्यस्थता के माध्यम से सहज, सुलभ एवं शीघ्रता से करा सकता है। अभियान के तहत वैवाहिक विवाद, घरेलू हिंसा, मोटर दुर्घटना दावा, ऋण वसूली, सेवा विवाद, बंटवारा संबंधी विवाद तथा शमनीय आपराधिक मामलों का समाधान सुलह-समझौते के आधार पर किया जा सकता है। उन्होंने आगामी बृहद विधिक सहायता/सेवा शिविर (मेगा शिविर) का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांगजन आदि के कल्याण हेतु संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनमानस तक पहुँचाना है। मेगा विधिक सहायता शिविर के संबंध में नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज, कोर्ट संख्या-1 श्री शक्ति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 22 फरवरी 2026 को जनपद न्यायालय परिसर, गाजीपुर में समस्त सरकारी विभागों द्वारा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शासन द्वारा संचालित सभी वर्तमान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचाने का प्रयास न्यायपालिका द्वारा किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने बताया कि विधिक सहायता एवं सेवा शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आमजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र विक्रम सिंह, सचिव श्री अंजनी कुमार ठाकुर, श्री अली रजा (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कक्ष संख्या-03), श्री अभिमन्यु सिंह (विशेष न्यायाधीश, एससी/एसटी एक्ट), श्री राम अवतार प्रसाद (विशेष न्यायाधीश, पॉक्सो), श्री अलख कुमार (स्पेशल जज, ईसी एक्ट), श्री विजय कुमार (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय), शासकीय अधिवक्ता श्री कृपाशंकर राय सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण, विद्वान अधिवक्ता, मध्यस्थ अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पराविधिक स्वयंसेवक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।