Bansgaon Sandesh
Login

शिक्षक दंपती हत्याकांड के विरोध में आज जुटेगा शिक्षक समाज तिकोनिया पार्क

शिक्षक दंपती हत्याकांड के विरोध में आज जुटेगा शिक्षक समाज तिकोनिया पार्क में श्रद्धांजलि सभा, न्याय की मांग को लेकर बनेगी आगे की रणनीति सुल्तानपुर। कम्पोजिट विद्यालय खनुहट के प्रधानाध्यापक एवं मोतिगरपुर ब्लॉक अध्यक्ष स्वर्गीय मुकेश कुमार सिंह तथा उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय विनीता सिंह की हत्या से जिले का शिक्षक समाज स्तब्ध, मर्माहत और आक्रोशित है। देर रात अज्ञात अपराधियों द्वारा शिक्षक दंपती की हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है। इसी क्रम में आज 01 अक्टूबर, गुरुवार को अपराह्न 4 बजे तिकोनिया पार्क, सुल्तानपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के विभिन्न शिक्षक, शिक्षामित्र, महिला शिक्षक एवं अनुदेशक संगठन एकजुट होकर दिवंगत शिक्षक दंपती को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। शिक्षक नेता रणवीर सिंह ने कहा कि मुकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की हत्या केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा जगत को झकझोर देने वाली घटना है। श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करने के साथ ही हत्याकांड के शीघ्र खुलासे, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी संगठनों की सामूहिक रणनीति पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज इस पीड़ादायक घटना को लेकर बेहद आहत और आक्रोशित है। ऐसे जघन्य अपराध के दोषियों तक पुलिस को शीघ्र पहुंचना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम रहे। शिक्षक संगठनों ने जनपद के सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, महिला शिक्षकों, अनुदेशकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों से बड़ी संख्या में तिकोनिया पार्क पहुंचकर दिवंगत दंपती को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा न्याय की मांग को लेकर एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है। निवेदक: समस्त शिक्षक संघ, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक संघ, सुल्तानपुर।

0 likes
0 comments0 shares