*जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा चोपन में सोन नदी किनारे बस्तियों का किया औचक निरीक्षण सुरक्षा एवं सतर्कता व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

*जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा चोपन में सोन नदी किनारे बस्तियों का किया गया औचक निरीक्षण, सुरक्षा एवं सतर्कता व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा* *🔸 संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश* *🔸 तटवर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश* लगातार हो रही भारी वर्षा एवं सोन नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी सोनभद्र श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा द्वारा चोपन क्षेत्र में सोन नदी के किनारे स्थित बस्तियों का औचक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सोन नदी के बढ़ते जलस्तर, तटवर्ती बस्तियों की स्थिति तथा संभावित संवेदनशील स्थानों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए तथा स्थानीय नागरिकों को बढ़ते जलस्तर एवं संभावित जोखिमों के प्रति समय-समय पर जागरूक किया जाए। नदी तट के संवेदनशील एवं आवागमन वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा चेतावनी/सांकेतिक बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी व्यक्ति नदी के किनारे अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को तत्काल संचालित किए जाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्पर रखने के निर्देश दिए गए। *जनपदवासियों से अपील* जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण विशेष सतर्कता बरतें। नदी तट, तेज बहाव एवं जलप्रवाह वाले स्थानों पर जाने से बचें। बच्चों एवं पशुओं को भी ऐसे स्थानों से दूर रखें तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सोन नदी के जलस्तर तथा तटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर पूरी सतर्कता के साथ निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी ओबरा श्री रवि कुमार पासवान, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती नमिता शरण, क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चोपन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।