पत्रकार के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री, पीड़ित परिवार को दिया न्याय का आश्वासन

बांसगांव गोरखपुर । बांसगांव संदेश। केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान बुधवार को बांसगांव वार्ड नंबर 9 स्थित पत्रकार/अधिवक्ता नितीश कुमार के आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में हुई घटना के बाद शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान नितीश कुमार, माधुरी सिंह और मंजू सिंह ने मंत्री को एक विस्तृत प्रार्थना पत्र सौंपा। पत्र में बताया गया कि 27 फरवरी 2026 को जमीन विवाद के चलते अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की विपक्षियों द्वारा लोहे की रॉड, लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। इस संबंध में थाना बांसगांव में मुकदमा अपराध संख्या 100/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 109(1), 115(2), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए, जिनमें पिता सुनील सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। पत्र के अनुसार, इलाज के दौरान 6 अप्रैल 2026 को शाम करीब 7 बजे सुनील सिंह की भी मृत्यु हो गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया, साथ ही यूपी कॉप पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की गई और बांसगांव चौकी इंचार्ज विकास भाटिया को लिखित तहरीर दी गई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में जी रहा है। प्रार्थना पत्र में मांग की गई है कि सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, परिवार की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय के साथ आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। केंद्रीय मंत्री ने परिवार की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।