नवरात्रि-दशहरा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चार नमूने लिए

आजमगढ़। नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 20 दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, जीयनपुर और सरायमीर में 20 खाद्य विक्रेताओं को प्रशिक्षित किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सुशील कुमार मिश्र के मार्गदर्शन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। जांच दल ने सिधारी स्थित हाइडिल चौराहे के पास से सिंघाड़े और कुट्टू के आटे के तीन नमूने तथा निजामाबाद स्थित एक प्रतिष्ठान से किशमिश का नमूना लिया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि त्योहारों तक छापेमारी अभियान जारी रहेगा। लोगों को व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के बाद ही सेवन करने के लिए जागरूक किया गया। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुराने या कालातीत फलाहार का स्टॉक मिलने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। वहीं, विभाग की दूसरी टीम ने जीयनपुर और सरायमीर में 20 खाद्य विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रशिक्षण दिया। उन्हें पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं करने और घी की गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविंद यादव, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमरनाथ, बेबी सोनम, राजीव कुमार सिंह और सुचित प्रसाद शामिल रहे।