गोरखपुर के दृष्टिबाधित इंटर कॉलेज में कक्षा 8 के छात्र की संदिग्ध

गोरखपुर के दृष्टिबाधित इंटर कॉलेज में कक्षा 8 के छात्र की संदिग्ध मौत से हड़कंप, बाथरूम में मिला शव *: CCTV में अकेले बाथरूम जाते दिखा छात्र, डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम* *गोरखपुर।* स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित इंटर कॉलेज, लाल डिग्गी में बुधवार 26 अगस्त को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां कक्षा 8 के छात्र *अनूप कुमार (पुत्र रामाश्रय प्रसाद, निवासी देवरिया)* का शव कॉलेज के बाथरूम में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना सुबह करीब 9:30 बजे मिली। *CCTV में क्या दिखा?* पुलिस के अनुसार, कॉलेज के सीसीटीवी फुटेज में छात्र अकेले गमछा लेकर बाथरूम की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। छात्र के मोबाइल फोन की डिटेल खंगाली जा रही है। *अधिकारियों ने क्या कहा?* घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों को तत्काल सूचना दी गई और शव को पुलिस कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर पहुंचे *एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटिल* ने संयुक्त रूप से बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए *डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम* कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।