चौरी चौरा में धूमधाम से निकाली गई निशान यात्रा

चौरी चौरा गोरखपुर।श्री श्याम रंग रंगीला फाल्गुन महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। प्रथम दिन प्रातः 10 बजे नगर पंचायत स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (मारवाड़ी मंदिर) से विधिविधान से पूजा-अर्चना व दीप प्रज्ज्वलन के बाद निशान पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों व चौराहों से होती हुई श्री श्याम मनोकामना सिद्धि मंदिर पहुंची, जहां निशान अर्पण कर पूजा संपन्न हुई। निशान पदयात्रा का शुभारंभ श्याम परिवार के अतुल अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों, ऊंट-घोड़ों, डीजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकली पदयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। श्री श्याम बाबा के भजनों पर भक्त झूमते नजर आए और पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। खाटू श्याम बाबा के शीश का दिव्य व भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। रंग, गुलाल और अबीर उड़ाते हुए भक्तों ने जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की। श्रद्धालु भावविभोर होकर भक्ति रस में डूबे दिखाई दिए। इस अवसर पर विधायक ई. सरवन निषाद, चेयरमैन सनी जायसवाल, पूर्व चेयरमैन जेपी गुप्ता, सुनीता गुप्ता, श्वेता जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर जायसवाल, श्याम परिवार के पंकज लाठ, मनीष सिंघानिया, अतुल अग्रवाल, अजय लाठ, आनंद खेतान सहित सैकड़ों श्याम भक्त शामिल रहे।