अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपा ने दिया धरना

आजमगढ़। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिल्ली में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष हवलदार यादव के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को रिहा करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पार्टी संघर्ष करती रहेगी। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों, नौजवानों, किसानों, मजदूरों, बुनकरों और व्यापारियों का उत्पीड़न बढ़ा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पीडीए के लोग लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान "अखिलेश यादव को रिहा करो", "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" और "वोट चोर गद्दी छोड़ो" के नारे लगाए गए। धरनारत कार्यकर्ताओं ने कहा कि अखिलेश यादव की रिहाई तक उनका विरोध जारी रहेगा। धरने में करुणाकांत मौर्य, अजीत कुमार राव, श्यामदेव चौहान, प्रेमा यादव, संतोष कुमार गौतम, प्रदीप कुमार यादव, पूर्व प्रमुख सुशीला आनंद, दुर्गेश यादव, कुणाल मौर्य, लालजीत यादव क्रांतिकारी, आनंद यादव, प्रदीप यादव, इं. अभिषेक यादव, कमलेश यादव, जोरार खान, इं. लालचंद यादव, वेद प्रकाश यादव, अखिलेश पांडेय, शीशपाल सिंह, रोशन यादव, अवनीश यादव, अनिल कुमार भारती, गोलू यादव, संजय यादव आदि मौजूद रहे।