कुशीनगर: खाकी शर्मसार! बिना महिला पुलिसकर्मियों के महिलाओं से अभद्रता का वीडियो

कुशीनगर: खाकी शर्मसार! बिना महिला पुलिसकर्मियों के महिलाओं से अभद्रता का वीडियो वायरल, ‘गोरक्षनाथ सनातन संघ’ ने जताई घोर आपत्ति कुशीनगर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश पुलिस की मित्र पुलिसिंग के दावों को धत्ता उड़ाती एक बेहद शर्मनाक तस्वीर कुशीनगर जनपद से सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला कुबेरस्थान थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम में एक भी महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। वीडियो में पुरुष पुलिसकर्मी खुलेआम महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और अभद्रता करते साफ नजर आ रहे हैं। लाइव वीडियो ने खोली दावों की पोल, आक्रोश में लोग वायरल हो रहे लाइव वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह कानून के रखवाले ही मर्यादाओं की सीमाएं लांघ रहे हैं। नियम-कानून को ताक पर रखकर, बिना महिला पुलिस बल के, पुलिसकर्मी महिलाओं के साथ तीखी बहस और अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय जनता और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश है। लोग कुबेरस्थान पुलिस की इस बर्बरता और संवेदनहीनता पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। ‘गोरक्षनाथ सनातन संघ’ ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग इस अमानवीय घटना का संज्ञान लेते हुए गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने संगठन के सभी पदाधिकारियों के साथ मिलकर घटना की घोर निंदा की है। "यह घटना न केवल निंदनीय है, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान पर भी एक गहरा आघात है। बिना महिला पुलिस के, महिलाओं के साथ इस तरह का दुर्व्यवहार किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है।" — विनोद कुमार त्रिपाठी, राष्ट्रीय अध्यक्ष (गोरक्षनाथ सनातन संघ) संगठन के पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'मिशन शक्ति' और महिला सुरक्षा के दावों को पलीता लगाने वाले ऐसे पुलिसकर्मियों को कतई बख्शा नहीं जाना चाहिए। गोरक्षनाथ सनातन संघ ने जिले के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द से जल्द और सख्त से सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।