संपूर्ण समाधान दिवस में 86 मामले आए, पांच का निस्तारण। मदरिया ।
संपूर्ण समाधान दिवस में 86 मामले आए, पांच का निस्तारण। मदरिया । -------------- सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, पुलिस और आपूर्ति विभाग से संबंधित रहीं..... शनिवार को गोला तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 86 मामले आए, जिनमें से मौके पर मात्र पांच मामलों का ही निस्तारण हो सका। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। सर्वाधिक मामले राजस्व, पुलिस और आपूर्ति विभाग से संबंधित रहे। समाधान दिवस में बड़हलगंज थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी सत्येंद्र तिवारी ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अमीन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। वहीं, महुआपार निवासी मुराती देवी ने आरोप लगाया कि नोटिस दिए जाने के बावजूद हल्का लेखपाल द्वारा भूमि की पैमाइश नहीं की जा रही है। सड़सड़ा बुजुर्ग निवासी ममता देवी ने शिकायत की कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा खलिहान की भूमि पर बेदखली का आदेश होने के बावजूद कब्जा नहीं छोड़ा जा रहा है। वहीं, बारानगर निवासी राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें उनके ही घर में जाने से रोक रहे हैं। समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के कर्मचारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार सत्येंद्र मौर्य, नायब तहसीलदार जयप्रकाश, बालचंद चौहान, अभिषेक सोनी, भास्कर सहित तहसील प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।