एस आर डिग्री कॉलेज में नवागंतुक स्वागत समारोह का भव्य आयोजन, अस्मिता
एस आर डिग्री कॉलेज में नवागंतुक स्वागत समारोह का भव्य आयोजन, अस्मिता यादव बनीं मिस फ्रेशर गजपुर बांसपार, गोरखपुर । एस आर डिग्री कॉलेज गजपुर बांसपार गोरखपुर में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु नवागंतुक स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी ने की तथा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य श्री दिलीप कुमार गौड़ ने किया। समारोह में बी.ए., बी.एस.सी. एवं बीसीए तथा एम. ए.प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने स्वागत गीत, समूह नृत्य एवं एकल नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा पूछे गए प्रश्नों में छात्राओं ने आत्मविश्वास, बौद्धिक क्षमता और व्यक्तित्व के आधार पर अपने विचार रखे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा अस्मिता यादव को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं आस्था पांडेय द्वितीय स्थान पर रहीं तथा बबीता तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता छात्राओं को महाविद्यालय के प्रबंधक अजीत कुमार सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रबंधक ने विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल एक सम्मान नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। मिस फ्रेशर के रूप में अस्मिता यादव को अब महाविद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए आदर्श बनना होगा। इस अवसर पर प्रबंधक श्री अजीत कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह महाविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं बल्कि छात्रों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने नवप्रवेशित छात्रों से कहा कि वे अनुशासन में रहकर शिक्षा ग्रहण करें और महाविद्यालय का नाम रोशन करें। प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वागत समारोह वरिष्ठ एवं कनिष्ठ छात्रों के बीच समन्वय स्थापित करने का एक माध्यम है। इससे नवप्रवेशित छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे महाविद्यालय के वातावरण से परिचित होते हैं। उन्होंने सभी नवागंतुक छात्रों को नियमित कक्षा में उपस्थित रहने और पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रबंधक के सहयोग से महाविद्यालय में चल रही विकास योजनाओं की भी जानकारी दी। हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ विजय प्रकाश ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों में नेतृत्व क्षमता, मंच संचालन और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन विद्यार्थी के जीवन का स्वर्णिम काल होता है। समारोह के दौरान द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और नवप्रवेशित छात्रों को महाविद्यालय के नियमों एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वजीत कुमार विश्वजीत सिंह अखंड प्रताप सिंह विनोद कुमार अभिनय सिंह डॉ अरुणेश त्रिपाठी विवेकानंद रणधीर कुमार यादव कन्हैया तिवारी इन्दू मौर्या रीता शर्मा रोली सिंह शिवानी मिश्रा खुशी साहनी का विशेष योगदान रहा। अंत में प्राचार्य डॉ संजय कुमार त्रिपाठी सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।