खैरपार गांव में मारपीट, भाई-बहन घायल, चार लोगों पर मुकदमा दर्ज

बड़हलगंज।बड़हलगंज के खैरपार गांव में कहासुनी के बाद हुई मारपीट में एक भाई-बहन घायल हो गए। आरोप है कि चार लोगों ने उन्हें पीटा, अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खैरपार निवासी रामलक्षन प्रसाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि यह घटना 22 मई 2026 की शाम करीब छह बजे हुई। उनका पुत्र अरुण कुमार, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है, गांव में मौजूद था। इसी दौरान उसकी जयप्रकाश, ओमप्रकाश, आदित्य और पंकज कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। रामलक्षन प्रसाद के अनुसार, चारों आरोपियों ने अरुण कुमार को गाली देते हुए थप्पड़, घूंसे और लात से मारना शुरू कर दिया। जब उनकी पुत्री बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कपड़े भी फट गए। इस घटना में अरुण कुमार और अंकिता को आंख, पेट और चेहरे पर अंदरूनी चोटें आई हैं। पीड़ितों ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सुनील राय ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 115(2), 352, 351(3) तथा 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।