जिलाधिकारी ने पटना बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का किया दौरा, बाढ़ प्रभावित गांवों को मैरूण्ड घोषित करने की उठी मांग

बड़हलगंज/गोरखपुर। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शुक्रवार को पटना बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान एसडीएम गोला मनीष कुमार, एसडीओ सुशील कुमार,तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीएचसी प्रभारी बड़हलगंज कोतवाली प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव,सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत बडहलगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश उमर, अरविंद सिंह सहित क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे। इसी दौरान पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत पटना एवं जिला प्रभारी प्रधान संगठन गोरखपुर हृदय शंकर सिंह ने जिलाधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने राजस्व ग्राम ज्ञानकोल (पटना मुस्तकिल), कोलखास (पटना एहतमाली), बगहा देवार एवं दिस्तौलिया को तत्काल मैरूण्ड घोषित किए जाने की मांग की। साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल बाढ़ आपदा राहत किट उपलब्ध कराने की मांग रखी। हृदय शंकर सिंह ने कहा कि ज्ञानकोल गांव से पूरब पटना संगम तक लगातार हो रहे कटान को रोकने के लिए तत्काल फ्लड फाइटर कार्य कराया जाना जरूरी है। समय रहते कटानरोधी कार्य नहीं कराया गया तो विस्थापित कोलखास, रामजानकी मार्ग, उग्रसेन सेतु, गांवों की आबादी और किसानों की कृषि भूमि को भारी नुकसान हो सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।