रुद्रपुर हादसा: धुएं के कारण बाइक टक्कर, आग में जिंदा जला सवार,
रुद्रपुर हादसा: धुएं के कारण बाइक टक्कर, आग में जिंदा जला सवार, 5 साल का बच्चा सुरक्षित रुद्रपुर। रुद्रपुर-पिंडरा मार्ग पर काशीपुर मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद आग लग गई। इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा 5 साल का बच्चा सुरक्षित बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे डंठल जलाने से पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया था, जिससे सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई। इसी दौरान धुएं के कारण दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं और टक्कर के बाद आग भड़क उठी। देखते ही देखते दोनों बाइकें आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गईं। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद बच्चा सुरक्षित बच निकला। बच्चा अपना नाम रौनक और पिता का नाम मुसाफिर बता रहा है, जिससे पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोग सड़क किनारे फसल अवशेष जलाने पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।