स्वामी प्रेमानंद महाराज की प्रेरणा से युवक ने शुरू की वृंदावन तक दंडवत यात्रा

कुरारा, हमीरपुर | 4 फरवरी आस्था और श्रद्धा की अनोखी मिसाल पेश करते हुए जनपद हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र अंतर्गत मकरांव गांव निवासी युवक ने वृंदावन धाम के लिए दंडवत यात्रा शुरू की है। यह भक्त बीते 1 फरवरी से अपने गांव से वृंदावन की ओर पैदल दंडवत करते हुए निकल पड़ा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु आज कुरारा क्षेत्र पहुँचे, जहाँ रात्रि विश्राम के बाद वह सुबह आगे की यात्रा पर रवाना होंगे। दंडवत यात्रा कर रहे युवक बृजेश यादव ने बताया कि उन्होंने यह कठिन यात्रा स्वामी प्रेमानंद महाराज की प्रेरणा से प्रारंभ की है। बृजेश यादव ने बताया कि वह प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर की दंडवत यात्रा कर रहे हैं और इस पावन यात्रा को पूर्ण करने में करीब तीन माह का समय लगेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह श्रद्धा, संयम और आत्मिक शक्ति पर आधारित है। इस आध्यात्मिक यात्रा में उनके साथ सुदेश यादव, दीपक कुशवाहा, संदीप राणा और सत्यम कुशवाहा भी पैदल चलकर सहयोग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों में इस अनूठी भक्ति यात्रा को लेकर गहरी श्रद्धा और उत्साह देखने को मिल रहा है।