सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने दिए सुधार के निर्देश। देवरिया,

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने दिए सुधार के निर्देश। देवरिया, 24 सितंबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागवार रैंकिंग, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए जिन योजनाओं एवं संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें विशेष प्रयास कर सुधार लाया जाए। सी एवं डी श्रेणी वाले संकेतकों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए रैंकिंग में सुधार सुनिश्चित किया जाए। विभागीय आंकड़ों को पोर्टल पर समय से अपडेट करने तथा उपलब्धियों की सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जिन कार्यों में प्रगति धीमी है, उनके कारणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।