जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में रिसाव से ग्रामीण परेशान, पेयजल आपूर्ति

जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में रिसाव से ग्रामीण परेशान, पेयजल आपूर्ति बाधित भीटी रॉवत (बाँसगाव संदेश) सहजनवा ब्लॉक के उज्जीखोर और मटकापार ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन में कई स्थानों पर रिसाव होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं नियमित पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन के रिसाव से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर और नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अनिल गुप्ता ने बताया कि रिसाव का पानी घरों के सामने और गलियों में जमा हो रहा है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। प्रदर्शन में सचिन गुप्ता, राम सावर, गुड्डू पांडेय, कोदई गुप्ता, छोटेलाल यादव, श्रीराम यादव, धर्मेंद्र सिंह, रामजनम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।