केआईपीएम टेक्निकल कैंपस में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का भव्य आयोजन नवाचार,

केआईपीएम टेक्निकल कैंपस में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का भव्य आयोजन नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए विभिन्न प्रोजेक्ट एवं मॉडल सहजनवा गोरखपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत केआईपीएम टेक्निकल कैंपस, गीडा, गोरखपुर में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नवाचारकर्ताओं को नवाचार, रचनात्मकता, तकनीकी कौशल, उद्यमिता एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में सहजनवां, गोरखपुर के विधायक श्री प्रदीप शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नगर पंचायत उन्नवल, गोरखपुर के चेयरमैन श्री महेश कुमार दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, गोरखपुर की नोडल अधिकारी प्रो. तरन्नुम बानो की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में केआईपीएम इनोवेटर्स फाउंडेशन, गोरखपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शिवांश विक्रम ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा नवाचार एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रो. तरन्नुम बानो, नोडल अधिकारी, उच्च शिक्षा, गोरखपुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास, नवाचार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने नवीन विचारों को व्यावहारिक रूप देने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में हार्मोनिग्लो प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री प्रिंस राजभर द्वारा स्टार्टअप मोटिवेशनल प्रस्तुति दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ स्टार्टअप की संभावनाओं, नए विचारों को व्यवसायिक रूप देने तथा उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने से संबंधित महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। इसी क्रम में गुआवाबॉट प्राइवेट लिमिटेड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री राशि गुप्ता द्वारा महिला स्टार्टअप मोटिवेशनल प्रस्तुति दी गई। उन्होंने महिला उद्यमिता, नवाचार एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केआईपीएम टेक्निकल कैंपस की प्रबंधक श्रीमती सुनीता सिंह, चेयरमैन इं. आर. डी. सिंह एवं प्रबंध निदेशक श्री विनोद सिंह ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के नए विचारों को उचित मार्गदर्शन एवं मंच प्रदान कर उन्हें भविष्य के सफल नवाचार एवं स्टार्टअप में परिवर्तित किया जा सकता है। नगर पंचायत उन्नवल के चेयरमैन श्री महेश कुमार दुबे ने अपने संबोधन में युवाओं की रचनात्मक क्षमता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा एवं तकनीकी सोच प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। मुख्य अतिथि श्री प्रदीप शुक्ला, विधायक, सहजनवां, गोरखपुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार, आत्मनिर्भरता, कौशल विकास एवं उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नवीन विचारों को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के निर्णायकों का शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट एवं मॉडल का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं तकनीकी विशेषताओं के बारे में अतिथियों एवं निर्णायकों को जानकारी दी। इसके पश्चात अतिथियों ने इनोवेशन एवं इन्क्यूबेशन सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें संस्थान में संचालित नवाचार, प्रोजेक्ट विकास, स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों के तकनीकी प्रयासों एवं रचनात्मक सोच की सराहना की। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नवीन विचारों, तकनीकी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में ‘विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता’ की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था के निदेशक डॉ. जाहिद खान, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री नितेश जायसवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विश्वनाथ सिंह सहित संस्था के सभी निदेशकगण, डीन, विभागाध्यक्ष, सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट, मॉडल एवं नवाचारों का उत्साहवर्धन किया।