एनसीसी कैडेट्स में जोश भर गए ग्रुप कमांडर, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर
एनसीसी कैडेट्स में जोश भर गए ग्रुप कमांडर, संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण सहजनवा, (गोरखपुर)। भोलाराम मस्कारा इंटर कॉलेज, सहजनवा में 44वीं यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर - 157 का बुधवार को एनसीसी गोरखपुर ग्रुप के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और उनके अनुशासन तथा प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की। निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर परिमल भारती का स्वागत एवं अगवानी कमांडिंग ऑफिसर ले० कर्नल रमन तिवारी ने किया। इसके बाद उन्होंने शिविर में तैनात अधिकारियों, पीआई स्टाफ तथा सिविल स्टाफ से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अपने संबोधन में ब्रिगेडियर भारती ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में ‘एकता और अनुशासन’ का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि एनसीसी में प्राप्त प्रशिक्षण युवाओं को जिम्मेदार नागरिक और सक्षम नेतृत्वकर्ता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। निरीक्षण के दौरान ग्रुप कमांडर ने मेस, मेडिकल रूम, कैडेट्स लिविंग एरिया, पीआई रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वही इस अवसर पर कैंप के दौरान हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम आए हुए कैडेट्स को ग्रुप कमांडर ने मेडल पहना कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता, कैंप एडजुटेंट ले० प्रभाकर शाही, फर्स्ट ऑफिसर भारत सिंह, ले० अरुण यादव, ले० वंदिता त्रिपाठी, सेकेंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम, जीसीआई आकांक्षा मौर्या, सीटीओ नीला चटर्जी सहित सभी पीआई स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।