माड़र में झोपड़ी में लगी आग, दो भैंस झुलसीं और बाइक जलकर राख

घघसरा गोरखपुर । बांसगांव संदेश। विकास खंड पाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत माड़र में रविवार देर रात करीब दो बजे झोपड़ी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दो भैंस झुलस गईं, जबकि एक होंडा डीलक्स बाइक जलकर राख हो गई। इस घटना में सुग्रीव पुत्र जोखू बेलदार को भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, मच्छरों से बचाव के लिए भैंसों के पास धुआं किया गया था। पास में भूसा रखा होने के कारण धुएं की चिंगारी से भूसे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी में खड़ी होंडा डीलक्स बाइक भी जल गई। भैंसों के चिल्लाने की आवाज सुनकर सुग्रीव की नींद खुली। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलस गई। आग में दोनों भैंसों के झुलसने से पशुपालक परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्राम प्रधान विकेश साहनी ने बताया कि झुलसी हुई भैंसों के उपचार के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। इस अग्निकांड में गरीब परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।