Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipur३१ मिनट पहले

गांधी-शास्त्री जयंती पर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, स्वच्छता-साक्षरता का दिया संदेश डीएवी

गांधी-शास्त्री जयंती पर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, स्वच्छता-साक्षरता का दिया संदेश डीएवी

गांधी-शास्त्री जयंती पर युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, स्वच्छता-साक्षरता का दिया संदेश डीएवी इंटर कॉलेज में निबंध, चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं के साथ हुआ नाट्यमंचन गाजीपुर, 03 अक्टूबर। मेरा युवा भारत, गाजीपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती डीएवी इंटर कॉलेज के प्रांगण में श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता तथा शास्त्री जी के सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के विचारों को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं साक्षरता पर आधारित नाट्यमंचन प्रस्तुत कर सामाजिक जिम्मेदारी एवं जागरूकता का संदेश दिया। मुख्य अतिथि समाजसेवी सरोज कुमार राय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, अनुशासन, ईमानदारी, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। मेरा युवा भारत, गाजीपुर के जिला युवा अधिकारी आदर्श ने कहा कि गांधी जयंती सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं आत्मअनुशासन का संदेश देती है, जबकि शास्त्री जयंती सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रचनात्मक, सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. हरिशंकर ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन त्याग, तपस्या, सादगी और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाना चाहिए। मेरा युवा भारत के पूर्व लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र ने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, आत्मसंयम और सेवा की प्रेरणा देता है। वहीं शास्त्री जी का जीवन सादगी, विनम्रता, ईमानदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश देता है। विद्यालय प्रबंधक आदित्य कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ उन्हें संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक हैं। प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान निबंध प्रतियोगिता में मैथिली प्रथम, सलोनी द्वितीय एवं सत्यम तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में खुशी वर्मा प्रथम, प्रिंसी द्वितीय एवं मुजम्मिल तृतीय रहे। भाषण प्रतियोगिता में आशीष वर्मा प्रथम, सुहाना द्वितीय एवं आफरीन तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया गया। स्वच्छता एवं साक्षरता विषय पर प्रस्तुत नाट्यमंचन में अनन्य, निधि पांडेय, सुहाना, मंजिली, खुशी, माही, सुनैना एवं अनुराधा ने प्रभावी भूमिका निभाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता संतोष कुमार तिवारी ने किया। उन्होंने गांधी एवं शास्त्री जी के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाया। अंत में प्रवक्ता शैलेश कुमार ओझा ने अतिथियों, विद्यालय परिवार, प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रांशु कुमार, उजाला श्रीवास्तव, आंचल वर्मा, मनिहारी की एनवाईबी सहित युवा मंडल के कार्यकर्ता तथा विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रनायकों के आदर्शों को आत्मसात कर स्वच्छ, शिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।

0 likes
0 comments1 shares