Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर निकाली रैली

आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर निकाली रैली

बड़हलगंज। शहीद राजा हरि प्रसाद मल्ल राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आयुष इंटर्न डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सोमवार को रैली निकाली। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज परिसर से रैली शुरू कर एनपीजी कॉलेज तिराहा तक पहुंचकर सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की। इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें वर्ष 2011 से 7,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिल रहा है। करीब डेढ़ दशक बीत जाने के बावजूद इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। डॉक्टरों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा स्टाइपेंड उनकी जरूरतों के हिसाब से काफी कम है। उन्होंने सरकार से इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की। इंटर्न डॉक्टरों ने बताया कि इंटर्नशिप चिकित्सा शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान उन्हें अस्पताल में मरीजों के उपचार, ओपीडी सहित विभिन्न चिकित्सकीय कार्यों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। इसके बावजूद लंबे समय से स्टाइपेंड की राशि में बदलाव नहीं होने से उनमें नाराजगी है। रैली के दौरान डॉक्टरों ने सरकार से बढ़ती महंगाई और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आयुष इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में उचित बढ़ोतरी करने तथा इस मामले में जल्द निर्णय लेने की मांग की। रैली में डॉ. विकास दीप, डॉ. पुष्पेंद्र, डॉ. अफजल अहमद, डॉ. जुबेर अहमद, डॉ. अमित कुमार, डॉ. अक्षय कर्णवाल और डॉ. आकाश मौर्य समेत बड़ी संख्या में आयुष इंटर्न डॉक्टर मौजूद रहे।

1 likes
0 comments0 shares