पाली में शिक्षा विभाग अधिकारी पर अवैध वसूली के आरोप, कथित ऑडियो वायरल

घघसरा गोरखपुर। बांसगांव संदेश। विकास खंड पाली में शिक्षा विभाग एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। बीईओ पाली द्वारा क्षेत्र के कई मान्यता-प्राप्त विद्यालयों को नोटिस व चेतावनी जारी किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विद्यालय प्रबंधनों का आरोप है कि यह कार्रवाई कथित अवैध धन उगाही के विरोध के बाद की गई। प्रबंधनों का कहना है कि उनके विद्यालयों को केवल कक्षा 8 तक की मान्यता प्राप्त है। इसके बावजूद कक्षा 9-10 संचालित करने का आरोप लगाकर नोटिस दिए गए, जबकि कुछ स्थानों पर निजी स्तर पर कोचिंग/शैक्षणिक मार्गदर्शन दिया जा रहा था, न कि विद्यालय के नाम से कक्षाएं चलाई जा रही थीं। विवाद उस समय और गहरा गया जब अवैध लेन-देन से जुड़ी कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। इन ऑडियो में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी की आवाज होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और बांसगांव संदेश अखबार भी इनकी पुष्टि नहीं करता। विद्यालय प्रबंधनों ने स्पष्ट किया कि कक्षा 9-10 से संबंधित न तो कोई रजिस्टर है, न फीस रसीद/टीसी जारी हुई और न ही किसी बोर्ड में नामांकन कराया गया। इसके बावजूद मान्यता समाप्त करने की चेतावनी को उन्होंने अधिकारों के दुरुपयोग से जोड़ा है। प्रबंधनों ने संयुक्त रूप से बीएसए/डीएम से शिकायत कर निष्पक्ष जांच व वायरल ऑडियो की फोरेंसिक जांच की मांग की है। इस संबंध में खण्ड शिक्षा अधिकारी पाली कुंवर बिक्रम पाण्डेय से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि वायरल आडियो किसी अध्यापक या संकुल का है।